Muzaffarpur बोचहां: राजकीय प्राथमिक विद्यालय दहिबन में गुरुवार को स्कूल परिसर में पंडाल बनाने से मना करने पर दबंगों ने महिला प्रधानाध्यापिका आशा कुमारी के साथ मारपीट की और दुर्व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
महिला प्रधानाध्यापिका ने इस मामले को लेकर शंकर चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, नंदकिशोर चौधरी, राहुल कुमार और पप्पू कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गुरुवार को आरोपी स्कूल परिसर में पंडाल निर्माण करा रहे थे। जब उन्होंने पंडाल बनाने से मना किया, तो आरोपियों ने उनकी बात अनसुनी कर दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को पंडाल बनाने से रोक दिया, लेकिन पुलिस के जाते ही वे फिर से पंडाल बनाने लगे। जब प्रधानाध्यापिका ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। स्कूल का रजिस्टर लेकर भागने का प्रयास किया और प्रधानाध्यापिका को बचाने आए उनके पति को भी बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया।
इसके बाद जब प्रधानाध्यापिका बीच-बचाव के लिए पहुंचीं,
तो आरोपियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, कपड़े फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रधानाध्यापिका को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।